रविवार, 16 अगस्त 2009

सुबह का नाश्ता है बहुत जरूरी

हड़बड़ी और समय की कमी के चलते लोग कई बार नाश्ता छोड़ देते हैं या फिर चलते-चलते कुछ रास्ते में ही खा लिया करते हैं। नाश्ता करने के बजाय वह दोपहर के लंच में सब कुछ इकट्ठा ही खा लेना चाहते हैं। लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक सुबह का नाश्ता अच्छी सेहत के हिसाब से बेहद जरूरी है। पूर्व में हुए शोधों में यह बात साबित हो चुकी है कि सुबह का नाश्ता दिमाग और शरीर दोनों के लिए फायदेमंद होता है।

ब्रेकफास्ट के फायदे :

-सुबह का नाश्ता आपको ऊर्जावान बनाता है। नियमित नाश्ता करने वाले लोगों की पाचन क्षमता ठीक रहती है। ये लोग नाश्ता नहीं करने वाले लोगों की अपेक्षा अपना वजन भी जल्द घटा लेते हैं।

-सुबह नाश्ता करने वाले लोग अधिक प्रभावी और सजग तरीके से अपने काम को अंजाम देते हैं। इससे दिन की अच्छी शुरुआत होती है और उनके मस्तिष्क को पर्याप्तऊर्जा मिलती है।

-कई सर्वे में यह बात साबित हो चुकी है कि जो बच्चे सुबह अच्छा नाश्ता करते हैं, स्कूल में उनका प्रदर्शन बेहतर होता है।

-अच्छे ब्रेकफास्ट में जूस शामिल होता है। लेकिन जूस के बजाय फल सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है। ंफल से कैलारी कम और फाइबर ज्यादा मिलता है।

-नाश्ते में फल को शामिल करें। विटामिन, खनिज और फाइबर होने के कारण यह संतुलित आहार माना जाता है।

-ब्रेकफास्ट को जल्दी जल्दी में निपटाएं नहीं। इसमें पौष्टिक चीजों को भी शामिल करें। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है।

-ब्रेकफास्ट में फास्टफूड को शामिल मत करें। दिन की शुरुआत ऐसे खाने से न करें जो सस्ता, जल्द बनने वाला और सुविधाजनक हो। ब्रेकफास्ट संतुलित और गुणकारी हो।

-फलों का जूस पीते समय उससे मिलने वाली कैलोरी का भी ध्यान रखें। एक गिलास जूस में लगभग 80-100 कैलोरी होती है। जूस को पीने से पहले एक गिलास पानी पिएं। इससे आप कम जूस पिएंगे। जूस से ब्लड शुगर बढ़ता है। यह आपकी भूख को भी बढ़ाता है।

-अगर आप ब्रेड पर मक्खन के साथ जैम-जैली लगाकर खाने के शौकीन हैं तो वसा युक्त खाने से परहेज करें। इसके बजाए फलों से युक्त कुछ खाएं जो वसा रहित होने के साथ ही पौष्टिक भी हो।

-अंडा खाते हैं तो उसके सफेद हिस्से को ही खाएं। एक पूरा अंडा और दो अंडे की सफेदी से बना आमलेट खा सकते हैं। इससे आप कम कैलोरी, वसा और कोलेस्ट्राल लेंगे।

-नाश्ते में दलिया को शामिल करें। इसमें प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है। सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ ही यह कोलेस्ट्राल को घटाता है।

-नाश्ते में प्रोटीन जरूर शामिल करें। वैज्ञानिकों के मुताबिक नियमित रूप से नाश्ता करने से मस्तिष्क को ताकत मिलती है। इमसें प्रोटीन की विशेष अहमियत होती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें